जिलास्तरीय कौशल विकास समिति की बैठक में स्थानीय आवश्यकताओं पर हुआ विमर्श

कोरिया, 25 फरवरी 2026/ कलेक्ट्रेट सभाकक्ष, बैकुंठपुर में कलेक्टर श्रीमती चन्दन त्रिपाठी की अध्यक्षता में जिला कौशल विकास समिति की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में सिद्ध पोर्टल पर चयनित विभिन्न पाठ्यक्रमों के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने कहा कि जिले में पर्यटन, उद्योग तथा दैनिक जीवन से जुड़ी आवश्यक सेवाओं के लिए कुशल मानव संसाधन की आवश्यकता का आकलन कर युवाओं को उनकी रुचि एवं स्थानीय जरूरत के अनुरूप प्रशिक्षण प्रदान किया जाए। प्रशिक्षण की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने प्रशिक्षण प्रदाताओं एवं उद्योग प्रतिनिधियों के साथ सुदृढ़ कार्ययोजना तैयार करने पर बल देते हुए जल वितरण संचालक, सोलर ईवी चार्जिंग स्टेशन हेतु जूनियर टेक्नीशियन, सोलर पैनल इंस्टॉलेशन टेक्नीशियन, टैक्सी ड्राइवर, मोबाइल फोन हार्डवेयर रिपेयर टेक्नीशियन, राजमिस्त्री, प्लम्बर, ट्रैक्टर ऑपरेटर, सीसीटीवी इंस्टॉलेशन टेक्नीशियन सहित विभिन्न व्यवसायों में कौशल प्रशिक्षण प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्थानीय युवाओं का चयन कर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाए।

बैठक में जिले में पर्यटन की संभावनाओं पर विशेष चर्चा की गई। कलेक्टर ने स्थानीय टूरिस्ट सर्किट विकसित कर युवाओं को पर्यटन क्षेत्र से जोड़ने और पर्यटक गाइड जैसे प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित करने की आवश्यकता बताई। साथ ही कृषि, वन प्रबंधन, फूड प्रोसेसिंग एवं हस्तशिल्प को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया।

छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स, जिला कोरिया के पदाधिकारियों से स्थानीय उत्पादों एवं व्यंजनों को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष दुकानों की स्थापना करने का आग्रह किया गया, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलें और जिले के उत्पादों को व्यापक पहचान मिल सके।

बैठक में वनमंडलाधिकारी श्री चन्द्रशेखर शंकर सिंह परदेशी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी, चेम्बर ऑफ कॉमर्स एवं एनजीओ के प्रतिनिधि तथा जिले के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *