सतना में भोजन में गिरी छिपकली, एक ही परिवार के 6 सदस्य बीमार

सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले में भोजन में छिपकली गिर जाने से एक ही परिवार के छह सदस्यों की तबीयत बिगड़ने का गंभीर मामला सामने आया है। घटना रामपुर बाघेलान क्षेत्र के खारी गांव की है, जहां दूषित भोजन करने के बाद पीड़ितों को आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, खारी गांव स्थित एक घर में दोपहर के समय साधारण रोटी-सब्जी बनी थी। परिवार के सदस्यों ने जैसे ही भोजन किया, कुछ ही देर बाद उन्हें बेचैनी और घबराहट महसूस होने लगी। देखते ही देखते एक-एक कर परिवार के छह सदस्य बीमार पड़ गए। बाद में जब भोजन के बर्तनों की जांच की गई, तो उसमें मरी हुई छिपकली पाई गई, जिससे स्पष्ट हुआ कि खाना जहरीला हो चुका था।

तबीयत बिगड़ने पर संध्या रजक, सुमित्रा रजक, अमित रजक और अंकिता रजक सहित दो अन्य सदस्यों को तत्काल स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, फिलहाल सभी पीड़ितों की हालत खतरे से बाहर है और उनका उपचार जारी है। इस घटना के बाद से गांव में हड़कंप मच गया है और खाद्य सुरक्षा को लेकर लोग चिंतित हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *