नगरीय निकाय-त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए दावेदारों की लिस्ट जारी, रायपुर महापौर पद को लेकर सियासी हलचल..

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय-त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए दावेदारों की लंबी लिस्ट सामने आ चुकी है। भाजपा और कांग्रेस दोनों पार्टियों के नेताओं ने टिकट पाने के लिए पूरा जोर लगा दिया है। प्रदेश के 14 में से 10 नगर निगमों में चुनाव हो रहे हैं, जिनमें से पांच निगमों में महिला महापौर के लिए आरक्षण तय किया गया है, जिसमें रायपुर निगम भी शामिल है।

इस बीच, रायपुर महापौर पद के लिए भाजपा के भीतर विश्वदिनी पांडे का नाम प्रमुखता से सामने आ रहा है। बताया जा रहा है कि उनके हिंदू संगठनों और संघ के साथ अच्छे रिश्ते हैं, जिससे संगठन की पसंद को ध्यान में रखते हुए उन्हें महापौर उम्मीदवार बनाया जा सकता है। विश्वदिनी पांडे वर्तमान में रानी लक्ष्मीबाई वार्ड क्रमांक 10 से भाजपा की पार्षद हैं। हालांकि रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, सरिता दुबे, विधायक राजेश मूणत और मीनल चौबे के नाम भी चर्चा में हैं। इसके अलावा, रायपुर जिला पंचायत की पूर्व अध्यक्ष लक्ष्मी वर्मा के नाम पर भी विचार हो रहा है।

Related News

कांग्रेस में भी रायपुर महापौर के लिए चर्चाएं जारी हैं, और कयास लगाए जा रहे हैं कि कांग्रेस दीप्ति दुबे को प्रत्याशी बना सकती है। दीप्ति दुबे कांग्रेस नेता प्रमोद दुबे की पत्नी हैं। इसके अलावा, कांग्रेस की तरफ से पूर्व महापौर डॉ. किरणमयी नायक, परमजीत कौर और निशा देवेंद्र यादव के नामों की भी चर्चा हो रही है।

दूसरी ओर, बिलासपुर में भाजपा के लिए पूजा विधानी और अंबिकापुर में पूर्व सांसद कमलभान सिंह के नामों पर चर्चा हो रही है। अंबिकापुर से संघ की तरफ से इंदर भगत का नाम भी सामने आ रहा है।

Related News