रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और आदतन अपराधियों को सुधारने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण पहल की है। एसएसपी ने शहर के 100 से अधिक निगरानी बदमाशों, गुंडा तत्वों और संदिग्ध प्रवृत्ति के व्यक्तियों को पुलिस कार्यालय तलब कर अपराध छोड़ने की सख्त समझाइश दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी की भी दोबारा आपराधिक गतिविधि सामने आई, तो उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
होली के त्यौहार को देखते हुए एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को बदमाशों के रिकॉर्ड खंगालने और उन्हें चेतावनी देने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में एसपी कार्यालय में उपस्थित हुए बदमाशों को नशे और बुरी संगत का त्याग कर नए जीवन की शुरुआत करने की प्रेरणा दी गई। एसएसपी ने आश्वस्त किया कि जो व्यक्ति नशा छोड़ना चाहते हैं, उन्हें पुनर्वास केंद्रों के माध्यम से सहायता दिलाई जाएगी। साथ ही रोजगार की समस्या का सामना कर रहे व्यक्तियों को जिला प्रशासन के समन्वय से उनकी योग्यता अनुसार काम दिलाने में मदद की जाएगी।
इस दौरान कुछ व्यक्तियों ने बताया कि उनके विरुद्ध लंबे समय से कोई शिकायत नहीं है, जिस पर एसएसपी ने थाना प्रभारियों को रिकॉर्ड का सत्यापन कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। होली पर्व के मद्देनजर विशेष चेतावनी दी गई कि किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी, छेड़खानी या संदिग्ध गतिविधि पाए जाने पर पुलिस सख्त रुख अपनाएगी। एसएसपी की अपील पर बदमाशों ने अपने कृत्यों का पश्चाताप करने और पुलिस का मददगार बनने का संकल्प लिया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी सहित विभिन्न थानों के प्रभारी और पुलिस स्टाफ उपस्थित रहे।