धान खरीदी को लेकर नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत ने सरकार पर साधा निशाना, राज्यपाल को लिखा पत्र

सक्ती। नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर चरण दास महंत ने धान खरीदी को लेकर मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि मेरे द्वारा पूर्व में मुख्यमंत्री को पत्र लिखा गया था परंतु मुझे कोई रिस्पांस नहीं मिला। उन्होंने कहा कि मंत्रियों के द्वारा कहा जा रहा था कि किसानों का धान तय समय सीमा में और एक-एक दाना खरीदा जाएगा।

परंतु 27 जनवरी को सक्ती जिले के तीनों विधानसभा के लिए एक मौखिक आदेश जारी हुआ, जिसमें जिन किसानों का टोकन कटा है उनका 40% धान कम खरीदने को कहा गया है। इसे लेकर मेरे द्वारा राज्यपाल को पत्र दिया गया है, जिसमें उन्हें अवगत कराया गया है कि इस मौखिक आदेश के बाद किसानों में आक्रोश है और सड़कों पर जगह-जगह चक्का जाम हो रहा है। सक्ती जिले सहित कई जिलों के अन्नदाता किसानों का धान पूरा नहीं खरीदा जाएगा तो यह अन्नदाताओं के साथ बहुत ही अन्यायपूर्ण होगा।

मेरे द्वारा मांग की गई है कि अब खरीदी के केवल चार दिन बचे हैं और कई जिलों के किसान अपना धान नहीं बेच पाए हैं। अगर समय नहीं बढ़ाते हैं, तो खरीदी लिमिट को और बढ़ाकर तेजी से धान खरीदी करें और शासन को जितना धान किसानों से खरीदना है उस टारगेट को पूरा करें, क्योंकि किसान आक्रोशित होकर सड़क पर उतरे हैं। इसलिए मैंने बीच-बचाव के लिए यह पत्र राज्यपाल के नाम लिखकर मांग की है कि किसानों को सरकार परेशान न करे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *