अशोकनगर। मध्यप्रदेश के अशोकनगर में एक बड़े व्यापारी को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से धमकी मिलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अंतरराष्ट्रीय बदमाश गैंग के गुर्गे ने वॉइस मैसेज भेजकर व्यापारी से 10 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी है। दो दिन के भीतर पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई है, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, प्रसिद्ध व्यवसायी अंकित अग्रवाल को यह धमकी हरि बॉक्सर नामक व्यक्ति ने दी है। मैसेज में पहले व्यापारी की संपत्ति और परिवार की पूरी जानकारी दी गई, फिर डराते हुए कहा गया कि “गलतफहमी मत पालना, रुपये दो वरना जान से हाथ धोना पड़ेगा।” अंकित अग्रवाल प्रॉपर्टी डीलिंग के साथ-साथ ट्रैक्टर शोरूम और पेट्रोल पंप के मालिक हैं।
धमकी के बाद व्यापारी ने कोतवाली पुलिस को साक्ष्यों के साथ आवेदन दिया है। हालांकि, एडिशनल एसपी का कहना है कि यह मैसेज किसी फर्जी व्यक्ति की शरारत भी हो सकता है। फिलहाल साइबर सेल और पुलिस की टीम बारीकी से इस मामले की जांच कर रही है।