ब्रैम्पटन। कनाडा के ब्रैम्पटन इलाके में एक बार फिर सरेआम फायरिंग की घटना से दहशत फैल गई है। इस बार हमलावरों ने एक कार शोरूम को निशाना बनाया है। घटना के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट और वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े होने का दावा करने वाले मन्ना ब्रैम्पटन नामक शख्स ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियों द्वारा इन दावों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ब्रैम्पटन और मिसिसॉगा स्थित ऑटोविला कार सेल्स और मनी रंधावा नामक व्यक्ति के आवास पर गोलीबारी की गई है। सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया गया है कि यह हमला मन्ना ब्रैम्पटन, बॉस यूरोप और लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप द्वारा संयुक्त रूप से किया गया है। पोस्ट में कहा गया है कि शोरूम मालिक को पहले चेतावनी दी गई थी कि वह उनके विरोधियों का साथ न दे, लेकिन निर्देश न मानने पर इस वारदात को अंजाम दिया गया।
वायरल पोस्ट की शुरुआत धार्मिक और पारंपरिक अभिवादन के साथ की गई है, जिसके अंत में जग्गा ऑस्ट्रेलिया, शेरा संधू और मनदीप स्पेन जैसे नामों का उल्लेख है। इससे संकेत मिलता है कि इस नेटवर्क के तार कई देशों से जुड़े हो सकते हैं। पोस्ट में बेहद आक्रामक भाषा का इस्तेमाल करते हुए शोरूम मालिक को सीधे तौर पर जान से मारने की धमकी दी गई है। गैंग ने आरोप लगाया है कि संबंधित व्यक्ति उनके दुश्मनों को हथियार और चोरी की गाड़ियां उपलब्ध कराता था।
मैदानी सूत्रों के मुताबिक, कनाडा पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। गैंग ने इस फायरिंग को महज एक ट्रेलर बताया है और भविष्य में घर में घुसकर हमला करने की चेतावनी दी है। फिलहाल विदेशी जमीन पर सक्रिय इस भारतीय गैंग के बढ़ते प्रभाव ने सुरक्षा विशेषज्ञों की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस हमले के पीछे वास्तव में बिश्नोई गैंग का हाथ है या यह किसी अन्य स्थानीय आपराधिक गुट की साजिश है।