मध्यप्रदेश में लॉरेंस बिश्नोई गैंग की दस्तक, भोपाल और इंदौर के व्यापारियों से करोड़ों की रंगदारी मांगी

भोपाल। मध्यप्रदेश के प्रमुख शहरों में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर व्यापारियों को धमकाने के मामले सामने आए हैं। भोपाल और इंदौर के बड़े कारोबारियों को अंतरराष्ट्रीय नंबरों से कॉल कर करोड़ों रुपए की मांग की गई है और पैसा न देने पर जान से मारने की धमकी दी गई है। पुलिस ने इन मामलों में शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

भोपाल के कोलार क्षेत्र निवासी सराफा व्यापारी और समाजसेवी गौरव जैन को व्हाट्सएप कॉल के जरिए 10 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी गई है। पीड़ित के मुताबिक खुद को गैंग का सदस्य हैरी बॉक्सर बताने वाले व्यक्ति ने धमकी दी कि यदि पैसों का इंतजाम नहीं हुआ तो गैंग के लोग उन्हें कहीं भी निशाना बना सकते हैं। इसी तरह इंदौर के तुकोगंज इलाके के रियल एस्टेट कारोबारी संजय जैन से भी गैंग के नाम पर पहले 10 करोड़ और बाद में 5 करोड़ अतिरिक्त यानी कुल 15 करोड़ रुपए की मांग की गई है।

गैंगस्टर हैरी बॉक्सर के नाम से आ रहे इन कॉल्स में अभद्र भाषा का प्रयोग किया जा रहा है और धमकी भरे ऑडियो भी सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि हैरी बॉक्सर हाल ही में कनाडा की जेल से छूटा है। प्रदेश में पिछले तीन दिनों के भीतर खरगोन, इंदौर और भोपाल में व्यापारियों को निशाना बनाने की घटनाएं सामने आई हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार हाई प्रोफाइल बिजनेसमैन और राजनीतिक संपर्क रखने वाले लोग इस गैंग के निशाने पर हैं। पुलिस प्रशासन इन अंतरराष्ट्रीय कॉल्स की लोकेशन और गिरोह के नेटवर्क को खंगालने में जुटा है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *