सम्पूर्णता अभियान 2.0 का शुभारंभ, तीन माह में 100 प्रतिशत संतृप्ति का लक्ष्य

कोरिया। आकांक्षी विकासखंड बैकुंठपुर में भारत सरकार के नीति आयोग द्वारा संचालित ‘सम्पूर्णता अभियान 2.0‘ का शुभारंभ शुक्रवार 30 जनवरी को जिला पंचायत सभागार में किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय विधायक भैयालाल राजवाड़े रहे। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष, जनपद पंचायत अध्यक्ष, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने अभियान के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए बताया कि यह अभियान 28 जनवरी से 14 अप्रैल 2026 तक संचालित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत निर्धारित 3 माह की अवधि में चिन्हित सूचकांकों में शत-प्रतिशत संतृप्ति हासिल करने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने बताया कि सम्पूर्णता अभियान 2.0 के तहत कुल 6 प्रमुख सूचकांकों पर कार्य किया जाएगा। महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत 6 माह से 6 वर्ष तक के बच्चों को अनुपूरक पोषण प्रदान करना, 6 वर्ष से कम आयु के बच्चों का नियमित वजन एवं लंबाई मापन, आंगनबाड़ी केंद्रों में सुरक्षित पेयजल एवं शौचालय सुविधा सुनिश्चित करना शामिल है। इसके साथ ही शिक्षा विभाग द्वारा सभी बालिका विद्यालयों में शौचालय सुविधा उपलब्ध कराना तथा पशुपालन विभाग द्वारा सभी पात्र पशुओं का एफएमडी टीकाकरण किया जाएगा।

जिला पंचायत सीईओ ने कहा कि अभियान की सफलता के लिए सभी विभागों के बीच समन्वय आवश्यक है। उन्होंने अभियान को जन-आंदोलन के रूप में सफल बनाने हेतु जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं आम नागरिकों से सक्रिय सहभागिता की अपील की।

कार्यक्रम में जिला परियोजना एवं सांख्यिकी अधिकारी पी. पी. सिंह, नीति आयोग के एबीपी फेलो डॉ. इरशाद खान सहित जिला एवं ब्लॉक स्तर के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *