सारंगढ़-बिलाईगढ़। चीन से रासायनिक खाद के निर्यात में कमी और इस वर्ष जिले में औसत से अधिक वर्षा होने के चलते किसानों की मांग बढ़ गई। इसी बीच जिला प्रशासन के प्रयासों से 93.68 प्रतिशत रासायनिक खाद की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।
यूरिया की मांग को पूरा करने के लिए लक्ष्य के विरुद्ध 96.17 प्रतिशत भंडारण किया गया। अब तक 12,369.551 मीट्रिक टन यूरिया सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को वितरित किया जा चुका है। कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे के निर्देश पर मार्कफेड अधिकारी शीतल भोई, कृषि उप संचालक आशुतोष श्रीवास्तव और सहकारिता विभाग के व्यास नारायण साहू की संयुक्त टीम ने जिले की 31 समितियों में लक्ष्य से अधिक यूरिया वितरण सुनिश्चित किया। वर्तमान में 25 समितियों में यूरिया की मांग बनी हुई है, जिसे अगले सप्ताह नई खेप आने पर पूरा किया जाएगा।
पिछले वर्ष की तुलना में इस बार रासायनिक खाद की आपूर्ति भी बढ़ी है। इस वर्ष अब तक 22,745.618 मीट्रिक टन रासायनिक खाद का वितरण हो चुका है, जो पिछले वर्ष की तुलना में अधिक है। समय पर खाद उपलब्ध होने से किसानों की फसलों के लिए आवश्यक पोषक तत्वों की आपूर्ति सुनिश्चित होगी और उत्पादन में बढ़ोतरी होगी।
गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अब तक 55 नमूने परीक्षण के लिए भेजे गए, जिनमें से 24 की रिपोर्ट मिल चुकी है। इनमें 22 नमूने मानक और 2 अमानक पाए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसानों को केवल गुणवत्तायुक्त खाद ही उपलब्ध कराया जाएगा।