रमेश गुप्ता भिलाई । सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बिना अनुमति प्रदर्शन कर मार्ग अवरुद्ध करने और ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल से हाथापाई करने के मामले में पुलिस ने जमीन कारोबारी आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस प्रकरण में पूर्व में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है। अब तक कुल छह आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 01 दिसंबर 2025 को पटेल चौक स्थित बीएसएनएल कार्यालय के सामने कुछ व्यक्तियों द्वारा जमीन रजिस्ट्री की बढ़ी हुई दरों के विरोध में बिना पूर्व अनुमति प्रदर्शन करते हुए मार्ग जाम कर दिया गया था। मौके पर तैनात पुलिस बल द्वारा प्रदर्शनकारियों को समझाइश दी जा रही थी, लेकिन इस दौरान कुछ लोगों ने उग्र व्यवहार करते हुए पुलिस कर्मचारियों से हाथापाई की तथा शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न कर आवागमन बाधित किया।
घटना में प्रधान आरक्षक राधेश्याम चंद्राकर सहित आरक्षक केशव कुमार, तुषार सलामे, अजय साहू एवं हिमांशु जंघेल को चोटें आई थीं।
इस संबंध में थाना सिटी कोतवाली, दुर्ग में अपराध क्रमांक 609/2025 के तहत धारा 221, 126(2) एवं 191(2) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। जांच के दौरान पूर्व में पांच आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है।
प्रकरण के एक अन्य आरोपी एवं जमीन कारोबारी मनोज राजपूत (50 वर्ष), निवासी सिकोला भाठा, दुर्ग को उच्च न्यायालय से जमानत प्राप्त होने के उपरांत विधिवत गिरफ्तार किया गया। सक्षम जमानतदार प्रस्तुत करने पर उन्हें जमानत मुचलके पर रिहा किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में अनिल वासनिक (43), विक्की चंद्राकर (32), दिनेश पाण्डेय (35), राकेश यादव (38), जितेन्द्र बत्रा (41) एवं मनोज राजपूत (50) शामिल हैं। वहीं शुभम सिंह राजपूत, यशवंत सिंह राजपूत, ओमप्रकाश कोटवानी, गीतेश ठाकुर सहित अन्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, प्रकरण में कोई भौतिक सामग्री जप्त नहीं की गई है। आरोपियों की तलाश के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस से हाथापाई और रास्ता रोकने वाले जमीन कारोबारी गिरफ्तार, अब तक 6 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

12
Feb