रायपुर। छत्तीसगढ़ से राज्यसभा की खाली हो रही सीटों के लिए सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी लक्ष्मी वर्मा ने आज विधानसभा पहुंचकर अपना नामांकन दाखिल कर दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय खुद उनके प्रस्तावक बने। उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और वरिष्ठ विधायक धरम लाल कौशिक ने भी प्रस्तावक के रूप में हस्ताक्षर किए।
नामांकन प्रक्रिया के दौरान भाजपा की एकजुटता साफ नजर आई। विधानसभा परिसर पहुंचने पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, सांसद बृजमोहन अग्रवाल और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने लक्ष्मी वर्मा का भव्य स्वागत किया।
छत्तीसगढ़ में राज्यसभा का गणित
वर्तमान में छत्तीसगढ़ से राज्यसभा में कुल 5 सदस्य प्रतिनिधित्व करते हैं। आगामी 9 अप्रैल को दो सांसदों— फूलो देवी नेताम और केटीएस तुलसी का कार्यकाल समाप्त हो रहा है, जिसके चलते इन सीटों पर चुनाव हो रहे हैं। राज्य की अन्य सीटों की स्थिति इस प्रकार है:
राजीव शुक्ला और रंजीत रंजन: इनका कार्यकाल 29 जून 2028 तक है।
देवेन्द्र प्रताप सिंह (भाजपा): इनका कार्यकाल 2 अप्रैल 2030 तक रहेगा।
लक्ष्मी वर्मा के नामांकन के साथ ही भाजपा ने उच्च सदन में अपनी ताकत बढ़ाने की दिशा में कदम बढ़ा दिया है। संख्या बल के आधार पर लक्ष्मी वर्मा की जीत लगभग तय मानी जा रही है।