सोनहत जनपद मुख्यालय में सार्वजनिक शौचालय का अभाव, राहगीरों और ग्रामीणों को उठानी पड़ रही परेशानी

सोनहत, कोरिया। जिला मुख्यालय से लगे सोनहत जनपद पंचायत मुख्यालय में सार्वजनिक शौचालय की सुविधा न होना अब बड़ी समस्या बनता जा रहा है। इस मुख्यालय पर रोजाना सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण और कर्मचारी अपने कामों से आते-जाते हैं, लेकिन यहां शौचालय न होने के कारण लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

जानकारी के मुताबिक, सोनहत जनपद पंचायत एक प्रमुख केंद्र है। यहां आसपास के दर्जनों गांवों के लोग अपने आवश्यक कामों जैसे- पटवारी, सचिव, जनप्रतिनिधियों से मिलने और अन्य सरकारी कार्यों के लिए रोजाना आते हैं। इसके अलावा, दूर-दरास से आने वाले राहगीर भी यहां विश्राम के लिए रुकते हैं। लेकिन, मुख्यालय में सार्वजनिक शौचालय की कोई व्यवस्था न होने के कारण महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है।

इससे पहले भी इस समस्या को समाचार पत्रों और स्थानीय मीडिया में प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था, ताकि जिम्मेदार अधिकारी इस पर ध्यान दें। लेकिन, आज दिनांक तक संबंधित अधिकारियों ने इस ओर कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जनपद पंचायत मुख्यालय होने के बावजूद यहां बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। शौचालय न होने के कारण लोग खुले में शौच को मजबूर हैं, जिससे पर्यावरण और स्वच्छता पर भी बुरा प्रभाप पड़ रहा है।

दूरदराज के गांवों से आने वाले राहगीरों को इसका सबसे ज्यादा खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। कई बार तो लोगों को अपनी बारी का इंतजार करने के लिए घंटों तक इधर-उधर भटकना पड़ता है। ग्रामीणों ने बताया कि विशेषकर महिलाएं और बुजुर्ग इस समस्या के कारण जनपद कार्यालय आने से भी कतराने लगे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *