कुम्हारी खारून ब्रिज मरम्मत: 1 से 15 अप्रैल तक रहेगा डायवर्सन, यातायात के लिए वैकल्पिक मार्ग तय

रमेश गुप्ता भिलाई — कुम्हारी स्थित खारून नदी ब्रिज के मरम्मत कार्य के दौरान 1 अप्रैल से 15 अप्रैल तक यातायात डायवर्सन लागू किया जाएगा। यातायात पुलिस दुर्ग ने इस अवधि में सुचारू आवागमन सुनिश्चित करने के लिए भारी, मध्यम और छोटे वाहनों हेतु अलग-अलग वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं।
इस संबंध में पुलिस कंट्रोल रूम सेक्टर-6 भिलाई में बैठक आयोजित की गई, जो वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। बैठक में पुलिस विभाग, जिला प्रशासन, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, बीएसपी और निर्माण एजेंसी के अधिकारियों ने भाग लेकर डायवर्सन व्यवस्था को अंतिम रूप दिया।
अधिकारियों ने प्रस्तावित मार्गों का निरीक्षण कर यातायात दबाव, सड़क की स्थिति और संभावित जाम बिंदुओं का आकलन किया। साथ ही सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।


ये रहेंगे प्रमुख डायवर्सन मार्ग
राजनांदगांव की ओर से आने वाले भारी वाहन अंजोरा बाईपास, पुलगांव चौक, अंडा, रिसामा, गाड़ाडीह, मर्रा, जामगांव एम, मोतीपुर होते हुए अमलेश्वर से रायपुर जाएंगे।
सिरसा गेट चौक से मध्यम एवं छोटे वाहन सिरसा कला, औरी, अमलीडी, मोतीपुर होते हुए अमलेश्वर मार्ग से रायपुर पहुंचेंगे।
बालोद की ओर से आने वाले भारी वाहन अंडा, रिसामा, गाड़ाडीह, मर्रा, जामगांव एम, मोतीपुर होकर अमलेश्वर जाएंगे।
ट्रांसपोर्ट नगर से रायपुर जाने वाले भारी वाहन अहिरवारा मोड़, कुम्हारी, मुरमुंडा चौक, कोचेबंद, मलपुरी कला, भालेसार, कंडरका चौक, पथरीडी, उरला, बिरगांव मार्ग से आवागमन करेंगे।
बीएसपी प्लांट से रायपुर जाने वाले वाहन उतई, सेलुद, फूंडा, मोतीपुर मार्ग का उपयोग करेंगे।
सख्त निगरानी और व्यवस्था के निर्देश
यातायात पुलिस ने डायवर्सन प्वाइंट पर संकेतक बोर्ड, रूट मैप और दिशा-निर्देश फ्लेक्स लगाने के निर्देश दिए हैं। मरम्मत अवधि के दौरान 24 घंटे वालेंटियर तैनात रहेंगे। साथ ही कुम्हारी ब्रिज, सिरसा गेट चौक और अमलेश्वर क्षेत्र में क्रेन की व्यवस्था की जाएगी, ताकि खराब वाहनों को तुरंत हटाया जा सके।
प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर यातायात नियंत्रण सुनिश्चित किया जाएगा। निर्धारित मार्गों का उल्लंघन करने वाले भारी वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि 1 से 15 अप्रैल के बीच कुम्हारी मार्ग का उपयोग करने से बचें और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें। यातायात नियमों का पालन कर व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *