कुम्हारी फ्लाईओवर का रायपुर जाने वाला मार्ग आठ दिनों के लिए बंद, सर्विस रोड से गुजरेंगे वाहन

भिलाई। दुर्ग-रायपुर नेशनल हाईवे-53 पर स्थित कुम्हारी फ्लाईओवर में आज से मरम्मत का काम शुरू हो गया है। इसके चलते दुर्ग से रायपुर की ओर जाने वाले फ्लाईओवर के ऊपरी हिस्से को अगले आठ दिनों यानी 18 मार्च तक के लिए बंद कर दिया गया है।

नियमित तकनीकी निरीक्षण के दौरान फ्लाईओवर में कुछ सुधार कार्यों की आवश्यकता पाई गई थी। सुरक्षा कारणों से निर्माण एजेंसी ने इस मार्ग को अस्थायी रूप से बंद कर मरम्मत करने का निर्णय लिया है। इस अवधि में दुर्ग से रायपुर की ओर जाने वाले सभी छोटे और बड़े वाहनों को फ्लाईओवर के ऊपर के बजाय नीचे बनी सर्विस लेन से गुजरना होगा। यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए नीचे के रास्ते पर वाहनों का दबाव बढ़ सकता है, इसलिए यात्रियों को अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी गई है।

उल्लेखनीय है कि नेशनल हाईवे पर कुम्हारी, डबरापारा, पावर हाउस और सुपेला में कुल चार फ्लाईओवर बनाए गए हैं, जिन पर करीब 280 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं। कुम्हारी फ्लाईओवर के शुरू होने के बाद से अब तक कई बार रखरखाव का कार्य किया जा चुका है। प्रशासन का कहना है कि रूटीन मरम्मत कार्य पूरा होते ही आवाजाही दोबारा शुरू कर दी जाएगी।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *