सक्ती: जिले के 88307 किसानों के खाते में 346.59 करोड़ की आदान सहायता राशि का किया गया वितरण
सक्ती: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज बिलासपुर जिले से वर्चुअल माध्यम से जुड़कर कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत सक्ती जिले के किसानों के खाते में 346.59 करोड़ रुपये की राशि का सीधा अंतरण किया। मुख्यमंत्री द्वारा आज जिले के 88307 किसानों के खाते में आदान सहायता राशि का वितरण किया गया। इस अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन कलेक्टर कार्यालय सभा कक्ष में किया गया, जहाँ विभिन्न जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में किसानों को बोनस राशि प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में बेचे गए धान का अंतर राशि खातों में आने से जिले के किसानों में भारी उत्साह का माहौल है। कृषि विभाग द्वारा विकासखण्ड मालखरौदा, डभरा एवं जैजैपुर में भी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

किसानों को मिली बधाई और खेती के लिए पानी का भरोसा जिला स्तरीय कार्यक्रम में सांसद कमलेश जांगड़े ने किसानों को कृषक उन्नति योजना के तहत लाभान्वित होने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि आज गर्व का दिन है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा इस योजना से जिले के किसानों को सीधा लाभ दिया जा रहा है। सांसद ने यह भी जानकारी दी कि कलेक्टर अमृत विकास तोपनों द्वारा आगामी कुछ दिनों में नहर के माध्यम से पानी दिलाया जाएगा, जिससे किसानों को खेती में सुविधा होगी। उन्होंने किसानों को कम पानी में दलहन और तिलहन जैसी फसलें लेने के लिए भी प्रेरित किया।
सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध इसी क्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष द्रौपदी कीर्तन चंद्रा ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने सभी किसानों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी किसानों को संबोधित किया।
ये रहे उपस्थित इस अवसर पर जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू, पूर्व मंत्री मेघा राम साहू, पूर्व विधायक डॉ. खिलावन साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कमल किशोर पटेल, जिला पंचायत सदस्य विद्या सिदार, आयुष शर्मा, राजा धर्मेंद्र सिंह, कलेक्टर अमृत विकास तोपनो, जिला पंचायत सीईओ वासु जैन, अपर कलेक्टर बीरेंद्र लकड़ा, उप संचालक कृषि विभाग तरुण प्रधान सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।