Korea News : कलेक्ट्रेट के बंद कमरों से बाहर धूप में लगा जनदर्शन, महात्मा गांधी की प्रतिमा के नीचे सुनी गईं नागरिकों की समस्याएं

कोरिया, 06 जनवरी 2026/ कोरिया जिले की कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी ने वर्ष 2026 के पहले साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रम में भी आम नागरिकों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए कलेक्ट्रेट परिसर में खुले आसमान के नीचे, मीठी धूप में जनदर्शन आयोजित किया। कलेक्टर ने न केवल फरियादियों की समस्याएँ सुनीं, बल्कि उनके त्वरित एवं नियमसम्मत निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2025 के अंतिम जनदर्शन की तरह इस वर्ष का पहला जनदर्शन भी खुले वातावरण में आयोजित किया गया, जिसे आम नागरिकों ने सराहा।

जनदर्शन कार्यक्रम में बैकुण्ठपुर, पटना, सोनहत एवं पोड़ी-बचरा क्षेत्र से आए फरियादियों ने अपनी विभिन्न समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से पढ़ते हुए त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए।

कलेक्ट्रेट परिसर स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के समीप आयोजित इस जनदर्शन में सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी केवल आवेदनों को प्राप्त करना नहीं, बल्कि उनका समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।

उन्होंने बताया कि कड़ाके की ठंड को देखते हुए नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसी उद्देश्य से धूप में जनदर्शन का आयोजन किया गया।
जनदर्शन के दौरान भूमि पर अवैध कब्जा हटाने, बंटांकन, नामांतरण, नक्शा प्रदाय, लंबित भुगतान सहित विभिन्न विषयों से जुड़े अनेक आवेदन प्राप्त हुए।

जनदर्शन में जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, अपर कलेक्टर श्री सुरेंद्र वैध, श्री डी.डी. मंडावी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

स./ मानिकपुरी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *