मोर गांव मोर पानी’ से प्रेरित होकर 1 मार्च से शुरू होगा वृहद जल संरक्षण अभियान
कोरिया, 21 फरवरी, 2026/ छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा संचालित ‘मोर गांव मोर पानी अभियान’ की प्रेरणा से कोरिया जिला में जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की दिशा में ठोस पहल शुरू कर दी गई है।
कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी के नेतृत्व में जिलेभर में ‘आवा पानी झोंकी अभियान’ के तहत व्यापक जल संरक्षण कार्य किए जाएंगे।
शनिवार को जिला पंचायत के मंथन कक्ष में आयोजित बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न विभागों के मैदानी अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा कर अभियान को तेज़ी से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण के लिए संरचनाओं का निर्माण समेकित प्रयासों से किया जाएगा और प्रत्येक नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

गांव-गांव पहुंचेगा पांच परसेंट मॉडल
ग्राम पंचायत स्तर पर प्रत्येक घर के निकासी जल को सोखता गड्ढों के माध्यम से भूमिगत किया जाएगा। साथ ही प्रत्येक किसान के खेत में ‘5 प्रतिशत मॉडल’ के तहत जल संरक्षण संरचना तैयार की जाएगी। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को संयुक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है।
शहरों में अनिवार्य होगा रेन वाटर हार्वेस्टिंग
जिले के शहरी निकाय बैकुंठपुर, शिवपुर-चरचा और पटना में प्रत्येक आवास में रेन वाटर हार्वेस्टिंग संरचना अनिवार्य रूप से स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं।
मार्च से मई तक चलेगा विशेष अभियान
1 मार्च से शुरू होकर मई माह के अंत तक जिलेभर में जल संरक्षण संरचनाओं के निर्माण का विशेष अभियान चलाया जाएगा। ग्राम स्तर पर चौपाल और बैठकों के माध्यम से जनसहयोग जुटाया जाएगा।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने कहा कि गिरते भूजल स्तर को सुधारने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। ‘जल है तो कल है’ की भावना के साथ कोरिया जिले में यह अभियान पूरे प्रदेश और देश के लिए उदाहरण बना है।
एसडीएम होंगे नोडल अधिकारी
सोनहत और बैकुंठपुर में अभियान की अगुवाई संबंधित एसडीएम करेंगे।
राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, कृषि, जल संसाधन और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की संयुक्त टीम अभियान को आगे बढ़ाएगी।
बैठक में दोनों अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बैकुंठपुर और सोनहत, कार्यपालन अभियंता जल संसाधन विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, कृषि विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।