कोरबा। कटघोरा थाना क्षेत्र के ग्राम कासनिया में हुए गोलीकांड का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस मामले के मुख्य आरोपी शक्ति सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। इससे पहले यूपी के शूटर दुर्गेश पांडे, कोरबा निवासी आशीष जांगड़े और हर्ष सिंह को पकड़ा जा चुका है। अब तक इस मामले में कुल 5 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस का मानना है कि वारदात की जड़ में प्रेम प्रसंग से जुड़ा विवाद है।

घर के बाहर चलीं गोलियां
ग्राम कासनिया निवासी सिकंदर मेमन अपने परिवार के साथ घर में था। रात करीब 9:45 बजे अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। परिवार जब बाहर निकला तो बाइक सवार युवक ने दूसरी गोली भी दाग दी। घबराकर परिवार तुरंत घर के अंदर भाग गया। गोलियां दुकान के शटर और मुख्य द्वार पर लगीं। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
बस से भागने की कोशिश नाकाम
पुलिस की दबिश के बाद एक आरोपी बस से भागने की फिराक में था। इसी दौरान एक बाइक हादसे में उसके कपड़े खराब हो गए। कपड़े बदलकर बस से फरार होने की कोशिश में था, लेकिन पुलिस ने उसे धर दबोचा। घटना में इस्तेमाल वाहन, कारतूस और हथियार भी बरामद कर लिए गए हैं।
पहले की थी रेकी
जांच में सामने आया कि यूपी का शूटर दुर्गेश पांडे 21 सितंबर को कोरबा पहुंचा था। वह कृष्णा नगर में रुका और कसनिया के तौफीक मेमन के घर की रेकी की। इसके बाद रात में फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया। माना जा रहा है कि फायरिंग डराने के मकसद से की गई थी।
प्रेम प्रसंग से जुड़ा विवाद
पुलिस सूत्रों के अनुसार, जिस घर पर फायरिंग हुई, वहां का युवक तौफीक मेमन करीब 5 महीने पहले दूसरे समुदाय की एक युवती को लेकर भाग गया था। यह मामला फिलहाल कोर्ट में विचाराधीन है। परिवार का आरोप है कि उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं। गोलीकांड के बाद पीड़ित परिवार की सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।