कोरबा। जिले के करतला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गनियारी में सोमवार को एक व्यक्ति की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने घटना के कुछ घंटों के भीतर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह ग्रामीणों ने नंदकुमार पटेल का रक्तरंजित शव आरोपी जयशंकर के घर के बाड़ी के पास आंगन में पड़ा देखा। शव के सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे। सूचना मिलते ही करतला पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम को बुलाया गया। डॉग स्क्वायड के श्वान ने शव से गंध सूंघकर सीधे पड़ोसी जयशंकर के घर का रुख किया, जिससे संदेह गहरा गया। पुलिस ने जयशंकर को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध कबूल कर लिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक नंदकुमार पटेल का आरोपी जयशंकर के घर आना-जाना था और वह जयशंकर की पत्नी से हंसी-मजाक तथा छींटाकशी करता था। रविवार रात जयशंकर के घर लौटने पर उसने नंदकुमार को अपनी पत्नी से बात करते देखा, जिससे विवाद हुआ। विवाद मारपीट में बदल गया और जयशंकर ने नंदकुमार को बाड़ी में ले जाकर कुल्हाड़ी से वार कर उसकी हत्या कर दी।
मृतक नंदकुमार पटेल और आरोपी जयशंकर दोनों विवाहित हैं तथा उनके बच्चे भी हैं। इस घटना से दोनों परिवार सदमे में हैं।
कोरबा पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। हत्या में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी और अन्य पहलुओं की जांच जारी है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामला विधिवत दर्ज कर विवेचना की जा रही है।