कोण्डागांव। कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना ने जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय सीमा की बैठक में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक के दौरान कलेक्टर ने स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया। स्वास्थ्य केंद्र शामपुर के निरीक्षण के दौरान पाई गई अव्यवस्थाओं पर कार्रवाई करते हुए आरएचओ को तीन माह का अवैतनिक रखने और सीएचओ की सेवा समाप्ति के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने विशेष रूप से उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की नियमित निगरानी और देखभाल सुनिश्चित करने पर जोर दिया। इसके साथ ही संपूर्णता अभियान 2.0 के तहत आकांक्षी विकासखण्ड और आकांक्षी जिला कार्यक्रम के सभी संकेतकों में शत प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण की समीक्षा करते हुए सभी जनपद सीईओ को निर्देशित किया गया कि स्वीकृत आवासों का निर्माण कार्य समय सीमा के भीतर पूर्ण कराया जाए। इसके अलावा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना और जल जीवन मिशन जैसे महत्वपूर्ण कार्यों की भी प्रगति जांची गई। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि सभी विभागीय अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें ताकि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।