हेल्दी रहने के लिए डॉक्टर्स और हेल्थ एक्सपर्ट्स हमेशा पोषक तत्वों से भरपूर आहार लेने की सलाह देते हैं। इन पोषक फूड्स में ड्राई फ्रूट्स और सीड्स का नाम खास तौर पर शामिल है। हाल के वर्षों में चिया, अलसी, कद्दू और सूरजमुखी जैसे बीजों को खाने का चलन तेजी से बढ़ा है। आकार में छोटे दिखने वाले ये सीड्स फाइबर, हेल्दी फैट्स, प्रोटीन और मिनरल्स से भरपूर होते हैं। अगर इन्हें सही समय पर खाया जाए तो यह शरीर को लंबे समय तक ऊर्जा देते हैं, पाचन को बेहतर बनाते हैं और वजन नियंत्रण में भी मदद करते हैं।
चिया सीड्स: सुबह या वर्कआउट से पहले
चिया सीड्स को खाने का सबसे अच्छा समय सुबह नाश्ते के साथ या एक्सरसाइज से 60-90 मिनट पहले माना जाता है। भीगे हुए चिया सीड्स धीरे-धीरे ऊर्जा देते हैं और ब्लड शुगर को नियंत्रित रखते हैं। इन्हें पानी, दूध या प्लांट मिल्क में 15-30 मिनट या रात भर भिगोकर स्मूदी, ओट्स या दही के साथ खाया जा सकता है।
अलसी के बीज: नाश्ते या दोपहर के भोजन में
अलसी के बीजों को नाश्ते या लंच के साथ लेना फायदेमंद होता है। इनमें मौजूद फाइबर लंबे समय तक भूख नहीं लगने देता और ओमेगा-3 फैटी एसिड दिल के लिए लाभदायक होता है। इन्हें ताजे पीसे हुए रूप में दलिया, सब्जी, सलाद या स्मूदी में मिलाकर खाया जा सकता है।
कद्दू के बीज: दोपहर या शाम के नाश्ते में
कद्दू के बीजों को दोपहर या शाम के समय खाना सबसे बेहतर होता है। ये मैग्नीशियम से भरपूर होते हैं, जो शरीर को आराम देते हैं और स्नैक्स की क्रेविंग कम करते हैं। इन्हें एक्सरसाइज के बाद भी लिया जा सकता है। 1-2 बड़े चम्मच भुने हुए और बिना नमक के कद्दू के बीज स्वास्थ्य के लिए लाभकारी रहते हैं।
सूरजमुखी के बीज: दोपहर या एक्सरसाइज के बाद
सूरजमुखी के बीज दोपहर के भोजन के साथ या वर्कआउट के बाद खाने के लिए आदर्श माने जाते हैं। इनमें विटामिन ई और हेल्दी फैट्स होते हैं जो शरीर की रिकवरी में मदद करते हैं। शाम 4 से 6 बजे के बीच इन्हें मिनी-मील के रूप में लेना भी एक अच्छा विकल्प है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि इन बीजों को अपनी रोजमर्रा की डाइट में सही समय पर शामिल करने से न केवल पाचन शक्ति बेहतर होती है, बल्कि यह दिल, त्वचा और दिमाग की सेहत के लिए भी फायदेमंद साबित होते हैं।