केदार कश्यप का कांग्रेस पर बड़ा हमला: बघेल के बीजेपी ऑफर को किया खारिज, नक्सलियों को समर्थन देने का लगाया आरोप

रायपुर। छत्तीसगढ़ के कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला है। बघेल द्वारा भाजपा में शामिल होने के ऑफर से जुड़े बयान पर पलटवार करते हुए कश्यप ने कहा कि उनकी जरूरत न तो छत्तीसगढ़ को है और न ही भारतीय जनता पार्टी को। उन्होंने आरोप लगाया कि बघेल केवल सुर्खियों में बने रहने के लिए इस तरह के बयान देते हैं।

मंत्री कश्यप ने अमरजीत भगत के बयानों का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस का हमेशा नक्सलियों के साथ जुड़ाव रहा है। उन्होंने झीरम घाटी कांड को कांग्रेस की आपसी गुटबाजी का परिणाम बताया और कहा कि कांग्रेस को इस बात का दुख है कि प्रदेश से अब नक्सलवाद खत्म हो रहा है। बीजापुर विधायक की सुरक्षा के मसले पर उन्होंने कहा कि बस्तर अब नक्सल मुक्त हो रहा है और जो लोग बिना सुरक्षा के अंदरूनी क्षेत्रों में घूमते थे, उन्हें अब सुरक्षा की चिंता नहीं करनी चाहिए।

विभागों की उपलब्धियों का लेखा-जोखा

मंत्री केदार कश्यप ने अपने विभागों के दो वर्षों के कार्यों का विवरण भी पेश किया। परिवहन विभाग को लेकर उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के माध्यम से 425 नए गांवों तक पहली बार बस पहुंची है। रायपुर को सड़क दुर्घटना में शून्य मृत्यु वाला जिला बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इलेक्ट्रिक वाहन नीति के तहत छूट और बस संगवारी ऐप जैसी सुविधाएं जनता को दी जा रही हैं। साथ ही ई-चालान के माध्यम से अनफिट वाहनों पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है।

वन और सहकारिता क्षेत्र में विकास

वन विभाग की उपलब्धियों पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में सघन वनों का घनत्व बढ़ा है और 7 करोड़ से अधिक वृक्षारोपण किया गया है। हाथियों और बाघों के संरक्षण के लिए विशेष कार्य किए जा रहे हैं। वर्तमान में बाघों की संख्या बढ़कर 35 हो गई है। सहकारिता विभाग के अंतर्गत 515 नई समितियों का गठन किया गया और रिकॉर्ड मात्रा में धान की खरीदी की गई है। इसके अलावा प्रदेश में 1.45 लाख किसानों को नए क्रेडिट कार्ड भी जारी किए गए हैं।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *