कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में करीब दो महीने पहले हुए डांस टीचर सत्यमदास मानिकपुरी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में एक नाबालिग को अभिरक्षा में लिया है, जिसने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है। आरोपी ने पुलिस को बताया कि मृतक डांस टीचर उसे अननेचुरल संबंध बनाने के लिए मजबूर कर रहा था और ब्लैकमेल कर रहा था। लगातार मिल रही धमकियों से तंग आकर उसने इस वारदात को अंजाम दिया।
घटना 17 जनवरी 2026 की है, जब कवर्धा थाना क्षेत्र के लालपुर नर्सरी के पीछे सड़क पर 27 वर्षीय डांस टीचर सत्यमदास मानिकपुरी का शव मिला था। उसके गले पर चाकू के निशान थे। पांडातराई क्षेत्र के एक निजी स्कूल में पढ़ाने वाले सत्यमदास की हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन में विशेष टीमें गठित की गई थीं।
पुलिस ने इस मामले को सुलझाने के लिए 56 दिनों तक सघन जांच की। इस दौरान करीब 50 हजार मोबाइल नंबरों के कॉल डेटा का विश्लेषण किया गया और 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। जांच के दौरान पुलिस का शक एक नाबालिग पर गहराया। पुलिसिया पूछताछ में नाबालिग ने स्वीकार किया कि वह और मृतक पिछले तीन महीनों से संपर्क में थे। मृतक लगातार उस पर अननेचुरल संबंध बनाने का दबाव बना रहा था और मना करने पर उसे ब्लैकमेल कर रहा था।
नाबालिग ने पुलिस को बताया कि घटना वाले दिन उसने व्हाट्सएप कॉल के जरिए सत्यमदास को बुलाया और उसे स्कूटी से लालपुर नर्सरी के पास ले गया। पहले से ही चाकू लेकर तैयार नाबालिग ने वहां पहुंचते ही सत्यमदास के गले पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने मृतक का मोबाइल और सिम कार्ड नदी में फेंक दिया था।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त स्कूटी, चाकू, खून से सने कपड़े और नदी से मृतक का मोबाइल बरामद कर लिया है। पुलिस ने नाबालिग के मोबाइल की जांच में भी कई संदिग्ध सर्च हिस्ट्री पाई है। फिलहाल, कबीरधाम पुलिस ने विधि से संघर्षरत नाबालिग को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।