Kanker Accident : नेशनल हाईवे-30 पर दो कारों में भीषण भिड़ंत, 6 लोगों की दर्दनाक मौत, 3 गंभीर घायल

कांकेर. छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। नेशनल हाईवे-30 पर दो कारों के बीच हुई आमने-सामने की जबरदस्त टक्कर में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। यह भीषण दुर्घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के नाथिया नवागांव के पास हुई। टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों गाड़ियां पूरी तरह से चकनाचूर हो गई हैं।


आमने-सामने की टक्कर में 6 ने तोड़ा दम

जानकारी के अनुसार, नाथिया नवागांव के पास दो तेज रफ्तार कारें आपस में भिड़ गईं। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। हादसे में 6 लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत एम्बुलेंस के जरिए कांकेर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

मौके पर पहुंचे एसपी और प्रशासन

हादसे की खबर मिलते ही कांकेर एसपी निखिल राखेचा सहित जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटाकर यातायात बहाल कराया। एसपी निखिल राखेचा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दो कारों की टक्कर में 6 मौतें हुई हैं।

जांच में जुटी पुलिस

हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी फिलहाल पुष्टि नहीं हो पाई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घायलों के होश में आने और उनके बयान दर्ज होने के बाद ही हादसे की असली वजह सामने आएगी। फिलहाल पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतकों के परिजनों को सूचित किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *