कांकेर : 3 दिन में 3 हार्डकोर नक्सलियों का आत्मसमर्पण, अब 21 उग्रवादी शेष

कांकेर, 26 फरवरी 2026। उत्तर बस्तर क्षेत्र में नक्सल उन्मूलन अभियान के बीच बीते तीन दिनों में तीन हार्डकोर नक्सलियों ने हथियार डालकर मुख्यधारा में वापसी की है। पुलिस के अनुसार, आत्मसमर्पण करने वाले इन नक्सलियों पर कुल 25 लाख रुपये का इनाम घोषित था और वे AK-47 जैसे अत्याधुनिक हथियारों के साथ सरेंडर किए हैं।

राज्य और केंद्र सरकार द्वारा मार्च 2026 तक छत्तीसगढ़ को नक्सल मुक्त बनाने की समयसीमा तय की गई है। इसी लक्ष्य को लेकर सुरक्षा बलों द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं—कुछ नक्सली मारे जा रहे हैं तो कई स्वेच्छा से आत्मसमर्पण कर रहे हैं।

कांकेर में अब 21 इनामी नक्सली सक्रिय

पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने बताया कि उत्तर बस्तर कांकेर जिले में फिलहाल करीब 60 लाख रुपये के इनामी लगभग 21 नक्सली सक्रिय हैं। हाल के आत्मसमर्पण के बाद संगठनात्मक ढांचा कमजोर हुआ है और शेष नक्सलियों के पास ज्यादा आधार नहीं बचा है।

पुलिस को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में अन्य नक्सली भी हिंसा का रास्ता छोड़कर आत्मसमर्पण करेंगे, जिससे क्षेत्र को जल्द नक्सल मुक्त बनाने में मदद मिलेगी।

नक्सलियों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी

शेष बचे नक्सलियों को मुख्यधारा में लौटने का अवसर देने के लिए पुलिस ने हेल्पलाइन नंबर 9479194119 जारी किया है। एसपी ने कहा कि इस नंबर पर संपर्क कर नक्सली बिना किसी भय के आत्मसमर्पण की प्रक्रिया शुरू कर सकते हैं। उन्हें शासन की पुनर्वास नीति के तहत सुरक्षा और सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

दशकों से नक्सल प्रभाव झेल रहे उत्तर बस्तर क्षेत्र में यदि शेष 21 नक्सली भी आत्मसमर्पण करते हैं, तो यह जिला प्रशासन और सुरक्षा बलों के लिए बड़ी सफलता मानी जाएगी। इससे क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *