नई दिल्ली: बीजेपी सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने एक बार फिर कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधकर सियासी पारा चढ़ा दिया है। कंगना ने राहुल गांधी के संसदीय आचरण पर गंभीर सवाल उठाते हुए उनके व्यवहार को अमर्यादित करार दिया। उन्होंने यहाँ तक कह दिया कि संसद में राहुल की मौजूदगी से महिला सांसद असहज महसूस करती हैं।
‘संसद में राहुल का व्यवहार टपोरी जैसा’ नौकरशाहों द्वारा राहुल गांधी के रवैये को लेकर लिखे गए पत्र के सवाल पर कंगना ने सहमति जताते हुए कहा कि राहुल गांधी का एटीट्यूड संसद की गरिमा के अनुकूल नहीं है। उन्होंने कहा, “संसद में वे किसी ‘टपोरी’ की तरह व्यवहार करते हैं। बात-बात पर ‘तू-तड़ाक’ करना और इंटरव्यू के दौरान हूटिंग करना उनके खराब आचरण को दर्शाता है। उनके ऐसे व्यवहार से हम महिला सांसदों को बहुत ज्यादा अनकंफर्टेबल (असहज) महसूस होता है।”
प्रियंका गांधी की तारीफ, राहुल को दी नसीहत दिलचस्प बात यह रही कि जहाँ कंगना ने राहुल गांधी की कड़ी आलोचना की, वहीं उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा की जमकर तारीफ की। कंगना ने राहुल को नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें अपनी बहन प्रियंका से सभ्यता और तहजीब सीखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रियंका का व्यवहार बहुत अच्छा है, जबकि राहुल गांधी का आचरण शर्मिंदगी भरा है।
‘भारत में रहने वाला हर व्यक्ति सनातनी’ सनातन धर्म से जुड़े विवादों पर अपनी राय रखते हुए कंगना ने कहा कि भारत में रहने वाले सभी लोग मूल रूप से सनातनी ही हैं। उन्होंने तर्क दिया कि दुनिया के बाकी धर्म हजार-पंद्रह सौ साल पुराने हैं, लेकिन सनातन का न कोई आदि है और न अंत। उन्होंने राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उन्हें खुद को सनातनी लिखने में घबराहट क्यों होती है? जो सत्य है, उसे स्वीकार कर लेना चाहिए।