अम्बिकापुर। थाना मणीपुर पुलिस टीम द्वारा हत्या के मामले मे आरोपी के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। मृतक पिता द्वारा कुछ नहीं करने एवं कुछ कमा कर नहीं देने की बात से नाराज होकर आरोपी पुत्र द्वारा अपने ही पिता की टांगी से प्रहार कर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त टांगी एवं घटना के दौरान पहना गया बनियान जप्त कर लिया है।
मामले का संक्षिप्त विवरण: दिनांक 02 मार्च 2026 को थाना मणीपुर पुलिस टीम को सूचना मिली कि कदमपारा ट्रांसपोर्टनगर में एक व्यक्ति की लाश पानी टंकी में पड़ी है। सूचना पर मौके के लिए रवाना होकर देखा गया तो एक व्यक्ति मृत हालत में पानी टंकी में पड़ा था। पुलिस टीम द्वारा मृतक के साला से घटना के संबंध में पूछताछ की गई, जिसने बताया कि उसके जीजा (मृतक) पारसनाथ केरकेट्टा और भांजा प्रभात केरकेट्टा कदमपारा ट्रांसपोर्टनगर में एक ही जगह पर रहते थे। प्रभात केरकेट्टा मुर्गा दुकान में काम कर अपना खर्चा चलाता था, जबकि मृतक कुछ काम नहीं करता था। इसे लेकर प्रभात अक्सर कहता था कि उसके पिता ने उसके लिए कुछ नहीं किया है।
इसी बात को लेकर दोनों में हमेशा झगड़ा, विवाद और मारपीट होती रहती थी। दिनांक 02/03/26 की रात्रि में आरोपी प्रभात ने अपने पिता पारसनाथ केरकेट्टा से झगड़ा-विवाद और गाली-गलौज करते हुए टांगी के पासा (पीछे का हिस्सा) से उनके सिर पर गंभीर वार किया और उन्हें पानी टंकी में डाल दिया। मृतक पारसनाथ केरकेट्टा की मृत्यु सिर में लगी इसी गंभीर चोट के कारण हुई। मामले में प्रार्थी की रिपोर्ट पर आरोपी के विरूद्ध थाना मणीपुर में अपराध क्रमांक 44/2026 धारा 103 (1) बीएनएस कायम कर विवेचना में लिया गया।
पुलिस की कार्यवाही और गिरफ्तारी: दौरान विवेचना पुलिस टीम द्वारा घटना स्थल का निरीक्षण कर गवाहों का कथन लेख किया गया एवं शव पंचनामा की कार्यवाही की गई। मामले के आरोपी प्रभात केरकेट्टा उर्फ लेदा (उम्र 23 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आरोपी ने अपने पिता की टांगी से मारकर हत्या करना स्वीकार किया और बताया कि साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से उसने शव को घर के पास बनी पानी टंकी में डाल दिया था।
आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त टांगी एवं घटना के दौरान पहना गया बनियान जप्त किया गया है। आरोपी के विरूद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।
कार्यवाही में शामिल टीम: सम्पूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी मणीपुर उप निरीक्षक सी. पी. तिवारी, सहायक उप निरीक्षक दिलसाय कुजूर, सहायक उप निरीक्षक सिदयुस लकड़ा, प्रधान आरक्षक नारायण चौधरी, नरेन्द्र जांगड़े, आरक्षक सत्येंद्र दुबे, रामशंकर यादव, अनिल सिंह, सैनिक ओमप्रकाश दुबे एवं अन्य स्टाफ सक्रिय रहे।