भिलाई। सेक्टर-7 स्थित कल्याण स्नातकोत्तर महाविद्यालय में घुसकर तोड़फोड़ और प्राचार्य से दुर्व्यवहार करने के मामले में भिलाई नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में फरार चल रहे दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान खुर्सीपार निवासी अतुल कुमार चौधरी और नेहरू नगर सुपेला निवासी केतन तिवारी के रूप में हुई है। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा के अनुसार, यह घटना 9 दिसंबर की है जब महाविद्यालय के प्राचार्य कक्ष में परीक्षा फॉर्म से संबंधित शासकीय कार्य चल रहा था। इसी दौरान पूर्व छात्र आकाश कन्नौजिया अपने साथियों के साथ नारेबाजी करते हुए जबरन परिसर में घुस आया। आरोपियों ने प्राचार्य कक्ष में घुसकर गाली-गलौज की और टेबल का कांच तोड़ दिया। उपद्रवियों ने वहां रखे महत्वपूर्ण शासकीय दस्तावेजों को फाड़ दिया और उन पर स्याही डालकर खराब कर दिया। यही नहीं, आरोपियों ने प्राचार्य को जूते की माला पहनाने का प्रयास किया और उनकी नाम पट्टिका पर भी स्याही पोत दी।
इस हंगामे के कारण महाविद्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और शासकीय कार्य पूरी तरह बाधित हो गया। प्राचार्य की शिकायत पर पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा डालने, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और दुर्व्यवहार की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। इस मामले में मुख्य आरोपी और एनएसयूआई महासचिव आकाश कन्नौजिया सहित कुछ आरोपियों की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी थी। फरार अतुल और केतन की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी, जिन्हें अब तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तार कर लिया गया है।