रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ तेजी से विकसित प्रदेश बनने की ओर अग्रसर है और राज्य को विकसित छत्तीसगढ़ के रूप में स्थापित करने के लिए सरकार निरंतर काम कर रही है। उन्होंने कबीर धर्मनगर दामाखेड़ा में आयोजित संत समागम समारोह के लिए दी जाने वाली राशि 50 लाख से बढ़ाकर 75 लाख रुपये करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री माघ पूर्णिमा के अवसर पर कबीर धर्मनगर दामाखेड़ा में आयोजित सतगुरु कबीर संत समागम समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने पंथ उदित मुनि नाम साहेब और पंथ प्रकाश मुनि नाम साहेब से आशीर्वाद लिया और प्रदेश की खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कबीरपंथ का छत्तीसगढ़ के जनजीवन में गहरा प्रभाव है, इसी कारण यहां के लोग शांतिप्रिय हैं। उन्होंने बताया कि दामाखेड़ा का नाम कबीर धर्मनगर किए जाने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार से प्रदेश को सीधा लाभ मिल रहा है और नक्सलवाद 31 मार्च 2026 तक जड़ से समाप्त कर दिया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि पंथ उदित मुनि नाम साहेब समाज सेवा, नशामुक्ति और युवा उत्थान के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं। कार्यक्रम को खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल और विधायक इंद्र साव ने भी संबोधित किया।
समारोह में पंथ प्रकाश मुनि नाम साहेब, विधायक भावना बोहरा, ईश्वर साहु, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा सहित बड़ी संख्या में कबीरपंथी अनुयायी उपस्थित रहे।