पैरा एथलेटिक्स में कबीरधाम का परचम, 13 खिलाड़ियों ने जीते 32 पदक, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने की मुलाकात…

रायपुर। 16वीं छत्तीसगढ़ राज्यस्तरीय पैरा एथलेटिक्स प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर ओवरऑल चैंपियन बने कबीरधाम जिले के पैरा खिलाड़ियों ने आज उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा से सौजन्य मुलाकात की। खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में अपने अनुभव साझा किए और उपलब्धियों की जानकारी दी।

राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में कबीरधाम जिले के 13 पैरा खिलाड़ियों ने कुल 32 पदक जीतकर जिले को ओवरऑल चैंपियन बनाया। इस ऐतिहासिक उपलब्धि से पूरे जिले में गर्व और उत्साह का माहौल है।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता केवल पदकों की नहीं, बल्कि संघर्ष, आत्मविश्वास और अटूट हौसले की जीत है। उन्होंने कहा कि कबीरधाम के दिव्यांग खिलाड़ियों ने यह सिद्ध कर दिया है कि शारीरिक चुनौतियां सफलता की राह में बाधा नहीं बन सकतीं। दृढ़ संकल्प और लक्ष्य के प्रति समर्पण हो, तो कोई भी मंजिल हासिल की जा सकती है।

उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के दौरान कबीरधाम जिले के खिलाड़ियों का सभी स्पर्धाओं में दबदबा बना रहा। खिलाड़ियों ने अपने अनुशासन, कठिन परिश्रम, समर्पण और खेल भावना से पूरे प्रदेश का ध्यान आकर्षित किया।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्हें बेहतर प्रशिक्षण, सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। साथ ही खिलाड़ियों के क्षेत्रों में मिनी स्टेडियम भी बनाए जा रहे हैं।

इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विदेशीराम धुर्वे, संतोष पटेल, जनपद उपाध्यक्ष कवर्धा गणेश तिवारी, बोडला जनपद उपाध्यक्ष नंद श्रीवास, नरेंद्र मानिकपुरी, मनीराम साहू, अमर कुर्रे, प्रवीण शर्मा, जसबीर सालुजा, शैलेन्द्र उपाध्याय सहित जनप्रतिनिधि एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *