सक्ती। जिले के विकासखंड अंतर्गत ग्राम केरीबंधा में राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ पारंपरिक खेल संस्कृति और ग्रामीण जोश के साथ किया गया। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का आयोजन भाजपा प्रदेश मंत्री विद्या सिदार के नेतृत्व और मार्गदर्शन में किया जा रहा है, जो ग्रामीण अंचलों की खेल प्रतिभाओं को मंच देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
उद्घाटन समारोह में पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम स्थल पर उनके आगमन पर आयोजक समिति, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामवासियों द्वारा फूल-मालाओं, बुके एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। उद्घाटन के दौरान एसपी प्रफुल्ल ठाकुर ने कबड्डी मैदान में पहुंचकर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उन्हें खेल भावना, अनुशासन एवं सकारात्मक प्रतिस्पर्धा के साथ खेलने का संदेश दिया।
अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने कहा कि कबड्डी जैसे पारंपरिक खेल भारतीय संस्कृति की पहचान हैं, जो युवाओं में साहस, अनुशासन, आत्मविश्वास और शारीरिक क्षमता को बढ़ाने का काम करते हैं। उन्होंने विद्या सिदार और आयोजन समिति की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।