जशपुर: घायल हाथी का वन विभाग ने कराया सफल उपचार, सुरक्षित जंगल की ओर लौटा

जशपुर। जिले के पत्थलगांव वन परिक्षेत्र में एक घायल हाथी को वन विभाग के त्वरित प्रयासों से नई जिंदगी मिली है। उपचार के बाद हाथी पूरी तरह स्वस्थ होकर सुरक्षित रूप से धरमजयगढ़ वनमण्डल की ओर चला गया है।

वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, 11 मार्च की सुबह सूचना मिली थी कि झक्कड़पुर बीट के ग्राम बुढ़ाडांड के गयापारा में एक हाथी किसान की निजी भूमि पर गिरा हुआ है। हाथी का एक पैर कमजोर होने के कारण वह उठने में असमर्थ था। सूचना मिलते ही पत्थलगांव वन परिक्षेत्र अधिकारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जशपुर के वनमण्डलाधिकारी शशि कुमार ने तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचित किया और उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित कराई। इसके बाद सरगुजा जिले के रमकोला से वन्यप्राणी विशेषज्ञ पशु चिकित्सक डॉ. अजित पाण्डेय अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

विशेषज्ञ चिकित्सकों ने हाथी का गहन परीक्षण किया और उसे आवश्यक उपचार दिया। उपचार के बाद हाथी की स्थिति में तेजी से सुधार हुआ और कुछ ही समय में वह अपने पैरों पर खड़ा हो गया। वन अमले ने सावधानी बरतते हुए हाथी को सुरक्षित रूप से धरमजयगढ़ वनमण्डल की सीमा की ओर रवाना किया। घटना के दौरान ग्रामीणों को हाथी से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की समझाइश दी गई थी। फिलहाल हाथी जंगल की ओर सुरक्षित निकल गया है और क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह सामान्य है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *