जांजगीर जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने अपने ही पांच वर्षीय मासूम बेटे की नहर में डुबोकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी रेशम लाल यादव (27) निवासी ग्राम भैसों की पत्नी पारिवारिक विवाद के चलते अपनी दो बेटियों के साथ मायके चली गई थी, जबकि बेटा आयुष पिता के साथ रह रहा था। आरोपी अक्सर पत्नी को फोन कर धमकियां देता था कि वह बेटे को मार डालेगा और खुद भी अपनी जान दे देगा।
घटनाक्रम के अनुसार, 13 मार्च की शाम आरोपी अपने बेटे आयुष को लेकर घर से निकला था। 14 मार्च की रात लगभग एक बजे आरोपी ने ग्राम भिलौनी के पास नहर में ले जाकर बच्चे को डुबो दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी रात दो बजे अपनी पत्नी के घर पहुंचा और उसे बेटे की हत्या की जानकारी दी।
महिला ने तुरंत पामगढ़ थाने में इस घटना की सूचना दी। थाना प्रभारी सावन सारथी ने बताया कि शिकायत मिलते ही पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।