रायपुर। प्रदेशभर में नेशनल हेल्थ मिशन (NHM) के कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर लगातार आंदोलनरत हैं। बीते 32 दिनों से धरना दे रहे कर्मचारियों ने गुरूवार को रायपुर में जेल भरो आंदोलन किया है। दुर्ग, रायपुर और बिलासपुर संभाग से बड़ी संख्या में कर्मचारी इस आंदोलन में शामिल हुए।


कर्मचारियों ने बताया कि प्रदेश के करीब 16 हजार NHM कर्मचारी अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। इनमें सबसे अहम मांग सेवा का नियमितीकरण है, जिसकी गुहार वे 2013 से लगातार लगा रहे हैं।

धरना स्थल पर महिला कर्मचारियों की भी भारी उपस्थिति देखी गई। आंदोलनकारियों का कहना है कि बीते 20 महीनों में सरकार को 160 से अधिक बार ज्ञापन सौंपे जा चुके हैं, लेकिन उनकी मांगों पर सुनवाई नहीं हुई।
लंबे समय से जारी इस आंदोलन के चलते स्वास्थ्य सेवाओं पर असर पड़ रहा है। वहीं सरकार की ओर से कई कर्मचारियों की बर्खास्तगी के आदेश भी दिए जा चुके हैं।
कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक नियमितीकरण पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, आंदोलन और तेज किया जाएगा।