पिता की अस्थियां लेकर नंगे पैर चले जय पवार: प्रयागराज एयरपोर्ट से संगम तक दिखा भावुक मंजर

महाराष्ट्र के पूर्व डिप्टी सीएम अजित पवार की अस्थियां रविवार (8 फरवरी 2026) को प्रयागराज के संगम में प्रवाहित कर दी गईं। इस दौरान पवार के बेटे जय पवार ने पूरे विधि-विधान के साथ अपने पिता की अस्थियां संगम में विसर्जित कीं। जय पवार इस दौरान चुप रहे और किसी से बात नहीं की। पुजारियों ने अनुष्ठान किए और शोक संतप्त लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मां गंगा से प्रार्थना की।

अस्थि विसर्जन कार्यक्रम में भाजपा और एनसीपी के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। परिवार और पार्टी कार्यकर्ता भावुक नजर आए, जबकि जय पवार के हाथ में अस्थियों का बॉक्स देखकर सभी की आंखें नम हो गईं।

चार्टर्ड फ्लाइट से पहुंचे परिवार के सदस्य
अजित पवार का परिवार बारामती से चार्टर्ड फ्लाइट द्वारा प्रयागराज पहुंचा। रविवार सुबह करीब 11 बजे परिवार का आगमन हुआ और बेटे जय पवार ने नंगे पैर एयरपोर्ट से बाहर आकर अस्थियों का बॉक्स संभाला। इसके बाद परिवार संग एक लंबा काफिला संगम की ओर रवाना हुआ।

अस्थि कलश यात्रा का समापन
एनसीपी युवा इकाई के राष्ट्रीय अध्यक्ष धीरज शर्मा की अगुवाई में कश्मीर से कन्याकुमारी तक अस्थि कलश यात्रा निकाली गई थी, जो 12 राज्यों से होकर गुजरी। इस यात्रा का समापन रविवार को संगम पर हुआ।

अजित पवार का विमान हादसे में निधन
बता दें कि एनसीपी नेता और महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार का निधन 29 जनवरी को एक विमान हादसे में हुआ था। इस हादसे में चार अन्य लोगों की भी जान चली गई थी। अजित पवार का अंतिम संस्कार बारामती के विद्या प्रतिष्ठान ग्राउंड में किया गया था। अजित पवार के निधन के बाद उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार को महाराष्ट्र का उपमुख्यमंत्री नियुक्त किया गया।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *