विभिन्न क्षेत्रों की महिलाओं का सम्मान
रमेश गुप्ता दुर्ग । अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भगवा पार्टी द्वारा आयोजित “मातृ शक्ति नमन कार्यक्रम” पूर्व निर्धारित समयानुसार उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों—चिकित्सा, शिक्षा, पत्रकारिता, वकालत, समाज सेवा एवं व्यापार—में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।
भगवा पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं दुर्ग संभाग प्रभारी हीरेन्द्र कुमार साहू ने बताया कि समाज के निर्माण और विकास में मातृ शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका को देखते हुए यह सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजसेवी विष्णु पाठक ने कहा कि मातृ शक्ति के बिना जीवन की कल्पना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को सर्वोच्च स्थान दिया गया है। चाहे सीताराम, लक्ष्मीनारायण या राधाकृष्ण जैसे पवित्र नाम हों, सभी में नारी शक्ति की महत्ता स्पष्ट दिखाई देती है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भगवा पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष देवेश मिश्रा ने कहा कि मातृ शक्ति ही पार्टी की आधार है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म की परंपराओं को आगे बढ़ाने और समाज को सही मार्गदर्शन देने में माताएं और बहनों का अतुलनीय योगदान है, जो हम सभी के लिए गर्व की बात है।
कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित धीरज शुक्ला द्वारा माँ दुर्गा के विशाल छायाचित्र की पूजा-अर्चना से हुआ। इसके पश्चात मुख्य अतिथि विष्णु पाठक, अध्यक्ष देवेश मिश्रा तथा विशिष्ट अतिथि रमेश शर्मा, सीताराम ठाकुर, अतुल नंद शुक्ला, मीना बिष्ट, हीरेन्द्र साहू और वरुणेश्वर पाण्डेय ने माँ दुर्गा की पूजा और आरती की। इस दौरान जय माता दी और जय सियाराम के नारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
कार्यक्रम में रमेश शर्मा (संस्थापक, बारह ज्योतिर्लिंग मंदिर) ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं—नूतन साहू, नीतू बंछोर, टी. जया रेड्डी, डॉ. मीता डे, डॉ. नेहा बत्रा, डॉ. प्रभा पटेरिया, गायत्री उपाध्याय, वर्षा जैन, वीणा दुबे, नम्रता वर्मा, कल्पना स्वामी, छाया श्रीवास्तव, निशा यादव, ममता गुरुंग, टाटा शोभा, आभा ठाकुर, डॉ. बृजलता शर्मा, शुभ्रा रस्तोगी, किरण शर्मा, अंजना सिंह, आराधना पाण्डेय और राखी भंडारी—को भव्य चुन्नी, प्रशस्ति पत्र एवं मातृ शक्ति के प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सम्मानित महिलाओं ने अपने-अपने कार्यक्षेत्र के अनुभव भी साझा किए। कार्यक्रम का संचालन राखी भंडारी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन हीरेन्द्र साहू ने किया।