आयुक्त प्रिया गोयल व प्रभारी सदस्य निलेश लुनिया ने ली समीक्षा बैठक
धमतरी/ स्वच्छता सर्वेक्षण 2025 में बेहतर प्रदर्शन और उत्कृष्ट रैंकिंग के उद्देश्य से नगर निगम धमतरी ने अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में आयुक्त प्रिया गोयल एवं स्वास्थ्य विभाग के प्रभारी सदस्य निलेश लुनिया ने संबंधित विभागीय सुपरवाइजरों, स्वच्छता दीदियों और सफाई कर्मचारियों की विस्तृत समीक्षा बैठक ली। बैठक में स्वच्छता व्यवस्था की जमीनी हकीकत पर चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
बैठक में शहर के सभी सार्वजनिक शौचालयों की नियमित सफाई, मरम्मत और संधारण व्यवस्था को प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया गया। शौचालयों के संचालन की जिम्मेदारी निभा रही एजेंसी को निर्देशित किया गया कि प्रतिदिन साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए, पानी की सतत उपलब्धता बनी रहे तथा किसी भी प्रकार की तकनीकी खराबी की सूचना मिलते ही तत्काल सुधार कार्य कराया जाए।
आयुक्त प्रिया गोयल ने कहा कि स्वच्छता केवल अभियान नहीं, बल्कि सतत प्रक्रिया है, जिसमें सभी की सहभागिता आवश्यक है।
प्रभारी सदस्य निलेश लुनिया ने स्पष्ट किया कि स्वच्छता सर्वेक्षण में उच्च स्थान प्राप्त करने के लिए शहर के प्रत्येक सार्वजनिक स्थल की स्वच्छता अनिवार्य है। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
बैठक में एमआईसी सदस्य विजय मोटवानी,अखिलेश सोनकर,श्याम लाल नेताम, पार्षद कुलेश सोनी सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
नगर निगम द्वारा सतत मॉनिटरिंग के माध्यम से शहर को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।