रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 23 जनवरी से पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली औपचारिक रूप से लागू कर दी गई है। इसके तहत वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी डॉ. संजीव शुक्ला ने शहर के पहले पुलिस कमिश्नर के रूप में पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालते ही उन्होंने कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए, जिसके तहत शहरभर में सघन चेकिंग अभियान शुरू किया गया।
इसी क्रम में शुक्रवार को डीसीपी वेस्ट संदीप पटेल के नेतृत्व में व्यापक पुलिस अभियान चलाया गया। अभियान में एडीसीपी राहुल देव शर्मा, एसीपी आज़ाद चौक इशू अग्रवाल और एसीपी पुरानी बस्ती देवांश सिंह राठौर सहित चार थाना प्रभारियों और 50 से अधिक पुलिसकर्मियों ने हिस्सा लिया।
पुलिस टीमों ने आज़ाद चौक, ईदगाह भाटा, लाखे नगर और आश्रम क्षेत्र जैसे संवेदनशील इलाकों में विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहन तलाशी ली गई, दस्तावेजों की जांच की गई और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराया गया।
अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने आम नागरिकों से संवाद कर सुरक्षा से जुड़ी आवश्यक जानकारी भी दी। उन्होंने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए बताया कि कमिश्नरेट व्यवस्था के तहत त्वरित कार्रवाई, बेहतर समन्वय और प्रभावी अपराध नियंत्रण को प्राथमिकता दी जाएगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य अपराधों पर नियंत्रण, असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई और शहर में शांति व सुरक्षा का माहौल बनाए रखना है। आने वाले दिनों में भी इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे ताकि रायपुर को सुरक्षित और व्यवस्थित शहर बनाया जा सके।