महासमुंद में अवैध धान भंडारण और परिवहन के खिलाफ सघन कार्रवाई, 2250 कट्टा धान जब्त

महासमुंद। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार, जिले में अवैध धान भंडारण और परिवहन के खिलाफ लगातार सघन कार्रवाई की जा रही है। हाल ही में बागबाहरा और सरायपाली विकासखंड में की गई कार्रवाई में 2250 कट्टा अवैध धान एवं एक ट्रक धान जब्त किया गया। इसके अलावा, समितियों के सत्यापन में राजडेरा समिति में 2088 कट्टा धान अधिक और तेंदूकोना समिति में 17069 कट्टा धान कम पाए गए।

बागबाहरा विकासखंड में धान उपार्जन कार्य में अनियमितताओं की जांच के तहत संयुक्त टीम द्वारा भौतिक सत्यापन किया गया। इस दौरान राजडेरा समिति में 2088 कट्टा धान अधिक और तेंदूकोना समिति में 17069 कट्टा धान कम पाया गया। कलेक्टर लंगेह ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

तेंदूकोना से भुरकोनी मार्ग पर अवैध धान परिवहन के मामले में एक मिनी ट्रक से लगभग 200 कट्टा धान पकड़ा गया, जिसे बुंदेली चौकी के सुपुर्द कर दिया गया। इसके अलावा, उड़ीसा से लाकर खेतों में छुपाए गए लगभग 1000 कट्टा धान को मंडी अधिनियम के तहत जब्त कर थाना कोमाखान के सुपुर्द किया गया। टूहलू चेकपोस्ट के पास एक ट्रक में भरे धान को भी जब्त किया गया और टूहलू थाना को सौंपा गया।

सरायपाली विकासखंड के ग्राम गिधामुंडा में बरतराम के गोदाम में निरीक्षण के दौरान 1400 कट्टा धान पाया गया। जांच में 600 कट्टा धान का वारिसान पंजीयन प्रक्रियाधीन पाया गया, जबकि 800 कट्टा धान को अधिया का बताया गया, लेकिन इसके लिए कोई वैध दस्तावेज नहीं प्रस्तुत किया गया। उक्त 800 कट्टा धान को राजस्व और मंडी टीम ने जब्त कर लिया।

साथ ही, सारंगढ़ घठौरा से नवागढ़ महासमुंद समिति की ओर अवैध रूप से धान परिवहन करते हुए तीन ट्रैक्टरों में लदे 250 कट्टा धान जब्त किए गए। जिला प्रशासन ने निर्देशित किया है कि अवैध धान भंडारण और परिवहन के मामलों में कड़ी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *