स्व. छोटेलाल भोई स्मृति दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता संपन्न, जगदीशपुर (छत्तीसगढ़) बनी विजेता
सरायपाली : अंचल के ग्राम जोगनीपाली में स्व. छोटेलाल भोई स्मृति दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन विधायक चातुरी नंद के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ।
शिवा क्लब जोगनीपाली द्वारा स्वर्गीय श्री छोटेलाल भोई की स्मृति में आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का सफल आयोजन दिनांक 10 जनवरी 2026 एवं 11 जनवरी 2026 को किया गया। इस प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ एवं उड़ीसा की कुल 12 टीमों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला छत्तीसगढ़ के जगदीशपुर एवं उड़ीसा के भारभांता टीम के मध्य खेला गया। निर्धारित समय तक मुकाबला बराबरी पर रहने के बाद निर्णय पेनल्टी शूटआउट से हुआ, जिसमें जगदीशपुर की टीम ने भारभांता को परास्त कर विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया। वहीं भारभांता की टीम उपविजेता रही।
इस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जगदीशपुर के विपुल नन्द को बेस्ट गोलकीपर तथा भारभांता के विवेक को बेस्ट प्लेयर के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
विधायक चातुरी नंद ने खिलाड़ियों और उपस्थित खेल प्रेमियों को संबोधित करते हुए कहा कि “ग्रामीण अंचलों में छिपी खेल प्रतिभाओं को मंच देना अत्यंत आवश्यक है। ऐसे आयोजनों से न केवल युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और टीम वर्क का विकास होता है, बल्कि नशा व गलत प्रवृत्तियों से दूर रहने की प्रेरणा भी मिलती है। स्वर्गीय छोटेलाल भोई जी की स्मृति में आयोजित यह फुटबॉल प्रतियोगिता सराहनीय पहल है, जो समाज में सकारात्मक संदेश देती है। खेलों के विकास के लिए बुनियादी सुविधाओं का सुदृढ़ होना जरूरी है, इसी क्रम में जोगनीपाली खेल मैदान के समतलीकरण कार्य के लिए पहल की जाएगी। भविष्य में भी युवाओं और खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए हर संभव सहयोग दिया जाएगा।”
प्रतियोगिता को सफल बनाने में नरेश साहू, मुकेश भोई, त्रिलोचन कश्यप, कैलाश ताड़ी सहित शिवा क्लब जोगनीपाली के सभी सदस्यों एवं समस्त ग्रामवासियों का विशेष सहयोग रहा। आयोजन समिति द्वारा सभी खिलाड़ियों, अतिथियों एवं खेलप्रेमियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।