छत्तीसगढ़ में धान खरीदी की तारीख बढ़ने के संकेत, मुख्यमंत्री के साथ बैठक के बाद कृषि मंत्री लेंगे फैसला

रायपुर। छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की निर्धारित समय सीमा 31 जनवरी 2026 को समाप्त होने जा रही है। इस बीच कई किसानों द्वारा अब तक धान नहीं बेचे जाने और खरीदी की तिथि आगे बढ़ाने की मांग को देखते हुए राज्य सरकार बड़े फैसले की तैयारी में है। कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने संकेत दिए हैं कि किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए जल्द ही उचित निर्णय लिया जाएगा।

कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने मीडिया से चर्चा के दौरान कहा कि प्रदेश के कुछ हिस्सों से धान खरीदी की तारीख बढ़ाने की मांग आ रही है। कुछ स्थानों पर टोकन नहीं कट पाने या तकनीकी कारणों से खरीदी प्रभावित होने की जानकारी मिली है। उन्होंने बताया कि कृषि विभाग के प्रमुख सचिव द्वारा इस संबंध में पत्र भेजा गया है और वे स्वयं इस विषय पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात कर चर्चा करेंगे। मंत्री के इस बयान के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि सरकार खरीदी की अंतिम तिथि को कुछ दिनों के लिए आगे बढ़ा सकती है।

वहीं दूसरी ओर, सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने बीते दिनों कहा था कि यदि आवश्यकता हुई तो ही तारीख बढ़ाई जाएगी, हालांकि उन्होंने वर्तमान में ऐसी स्थिति से इनकार किया था। फिलहाल शासन स्तर पर धान खरीदी के आंकड़ों का आकलन किया जा रहा है। 31 जनवरी तक की स्थिति स्पष्ट होने के बाद ही सरकार तारीख बढ़ाने पर कोई औपचारिक घोषणा कर सकती है। इधर, धान खरीदी के मुद्दे पर प्रदेश में राजनीतिक सरगर्मियां भी तेज हैं और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस इस विषय पर सरकार को घेरने की रणनीति बना रही है।


Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *