रसोई गैस की बढ़ती कीमतों से हैं परेशान? इंडियन ऑयल ने बताए गैस बचाने के 6 बेहतरीन टिप्स’, आज से ही करें अमल

नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट के तनाव और एलपीजी (LPG) की बढ़ती कीमतों के बीच अब हर गृहणी की चिंता रसोई का बजट संभालने की है। आपकी इसी चिंता को दूर करने के लिए देश की दिग्गज तेल कंपनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) ने अपने आधिकारिक हैंडल से कुछ स्मार्ट ‘किचन टिप्स’ साझा किए हैं। इन आसान तरीकों को अपनाकर आप न केवल गैस की खपत कम कर सकते हैं, बल्कि महीने के अंत में अपने पैसों की बड़ी बचत भी कर सकते हैं।

स्मार्ट कुकिंग के ये हैं आसान तरीके:
तैयारी पहले, आंच बाद में: अक्सर लोग गैस चालू करने के बाद सब्जियां काटते या मसाले ढूंढते हैं। इंडियन ऑयल के अनुसार, गैस जलाने से पहले सारी तैयारी (सब्जी काटना, दाल धोना आदि) पूरी कर लें। इससे बर्नर का इस्तेमाल केवल खाना पकाने के समय ही होगा।

प्रेशर कुकर का जादू: खुले बर्तन की तुलना में प्रेशर कुकर का इस्तेमाल भोजन को जल्दी पकाता है। दाल, चावल और सख्त सब्जियों के लिए कुकर का उपयोग गैस की खपत को काफी हद तक कम कर देता है।

ढककर पकाएं, समय बचाएं: खाना पकाते समय बर्तन को हमेशा ढक्कन से ढंककर रखें। इससे भाप और गर्मी बर्तन के अंदर ही रहती है, जिससे खाना जल्दी पकता है और गैस कम जलती है।

आंच को रखें कंट्रोल में: एक बार जब खाना उबलने लगे, तो आंच धीमी कर दें। तेज आंच पर उबालने से गैस ज्यादा खर्च होती है लेकिन खाना पकने की गति वही रहती है।

बर्तन का सही चुनाव: चूल्हे के बर्नर के आकार के हिसाब से ही बर्तन चुनें। अगर बर्नर बड़ा है और बर्तन छोटा, तो बगल से निकलने वाली सारी आंच बर्बाद हो जाती है।

बर्नर की सफाई है जरूरी: यदि आपके गैस की आंच नीली के बजाय पीली या संतरी दिख रही है, तो समझ लीजिए बर्नर गंदा है। बर्नर की नियमित सफाई सुनिश्चित करें ताकि गैस का पूर्ण दहन (Combustion) हो और बर्बादी न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *