बीएसपी विधायक उमाशंकर सिंह के ठिकानों पर आयकर विभाग की छापेमारी, लखनऊ से सोनभद्र तक हड़कंप

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में बलिया की रसड़ा सीट से बहुजन समाज पार्टी के विधायक उमाशंकर सिंह के विभिन्न ठिकानों पर बुधवार को आयकर विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीमों ने लखनऊ, सोनभद्र और बलिया स्थित उनके आवासों एवं कार्यालयों पर एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई की गोपनीयता बनाए रखने के लिए आईटी टीम लग्जरी गाड़ियों में शादी के स्टीकर लगाकर पहुंची।

आयकर विभाग की इस मेगा रेड में 60 से अधिक अधिकारी और कर्मचारी शामिल हैं। लखनऊ के गोमतीनगर स्थित विधायक के आवास के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और किसी भी व्यक्ति के बाहर आने-जाने पर रोक लगा दी गई है। बताया जा रहा है कि विधायक वर्तमान में कैंसर की बीमारी के कारण आइसोलेशन में हैं, लेकिन टीम उनके आवास के अंदर मौजूद फाइलों, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड्स की गहनता से जांच कर रही है।

विधायक उमाशंकर सिंह इससे पहले भी आय से अधिक संपत्ति के मामले में जांच के घेरे में रहे हैं। करीब 11 महीने पहले सतर्कता विभाग ने उनके, उनकी पत्नी और बच्चों के नाम पर खरीदी गई जमीन, मकान, फ्लैट और व्यावसायिक संपत्तियों का ब्योरा जुटाना शुरू किया था। इसी कड़ी में अब आयकर विभाग ने उनके निर्माण और खनन व्यवसाय से जुड़े ठिकानों पर दबिश दी है।

सोनभद्र में भी करीब 25 गाड़ियों के काफिले के साथ पहुंची टीम ने खनन से जुड़े आधा दर्जन व्यापारियों और विधायक के पांच ठिकानों पर छापेमारी की है। उमाशंकर सिंह लगातार तीन बार से विधायक हैं और उनकी निर्माण क्षेत्र की बड़ी कंपनी है, जो सड़क निर्माण और माइनिंग सेक्टर में सक्रिय है। उनकी पत्नी भी इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी की मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। आयकर विभाग की यह कार्रवाई देर शाम तक जारी रही, जिसमें करोड़ों के लेन-देन और अघोषित संपत्तियों के दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *