रायपुर। पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में उनके जीवन और विचारों पर आधारित छाया चित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया। इस दौरान उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए अटल जी के जीवन, उनके विचारों और राष्ट्र निर्माण में दिए गए अतुलनीय योगदान को याद किया।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के ऐसे महान व्यक्तित्व थे, जिन्होंने सिद्धांतों, संवेदनशीलता और दूरदर्शी नेतृत्व के माध्यम से देश को नई दिशा दी। उनके विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं और युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का मजबूत स्रोत बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि यह छाया चित्र प्रदर्शनी अटल जी के राजनीतिक जीवन के साथ-साथ उनके मानवीय दृष्टिकोण और राष्ट्र के प्रति समर्पण को भी प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करती है।


प्रदर्शनी में अटल जी के सार्वजनिक जीवन के महत्वपूर्ण क्षणों, विकासोन्मुखी निर्णयों, कूटनीतिक उपलब्धियों और जनकल्याणकारी पहलों को चित्रों के माध्यम से जीवंत रूप में दर्शाया गया है। प्रदर्शनी देखने पहुंचे नागरिकों ने इसे अत्यंत प्रेरणादायी बताते हुए सराहना की।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष चन्द्रप्रकाश चंद्रवंशी, उपाध्यक्ष पवन जायसवाल, पूर्व संसदीय सचिव सियाराम साहू, मोतीराम चंद्रवंशी, राजेंद्र चंद्रवंशी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और नागरिक उपस्थित रहे।