ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के गिरवाई थाना क्षेत्र में स्थित वीरपुर बांध पर एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां सोशल मीडिया रील बनाने के जुनून में एक युवक, टिंकू (निवासी आरोन), ने ऐसा नाटक रचा कि लोग उसे मृत समझ बैठे। युवक पानी में तैरता हुआ नजर आया, जिसे देखकर आसपास के लोगों ने पुलिस को लाश होने की सूचना दे दी।
पुलिस की कार्रवाई और सच्चाई का खुलासा
सूचना मिलते ही गिरवाई थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। लेकिन जैसे ही पुलिस को देखा, “लाश” बनकर लेटा टिंकू अचानक उठकर भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में टिंकू ने स्वीकार किया कि वह सोशल मीडिया के लिए रील बनाने के चक्कर में यह नाटक कर रहा था। उसने पुलिस से माफी मांगी और अपनी गलती स्वीकारी।
पुलिस की समझाइस और चेतावनी
पुलिस ने युवक को कड़ी समझाइस दी और भविष्य में ऐसी हरकत न करने की चेतावनी देकर छोड़ दिया। यह घटना वीरपुर बांध पर हुई, जो ग्वालियर शहर के नजदीक एक लोकप्रिय पिकनिक स्पॉट के रूप में जाना जाता है।
रील बनाने की होड़ पर सवाल
इस घटना ने सोशल मीडिया रील्स के लिए युवाओं की अजीबोगरीब हरकतों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसी गतिविधियां न केवल समय और संसाधनों की बर्बादी हैं, बल्कि सार्वजनिक सुरक्षा के लिए भी खतरा पैदा कर सकती हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया के लिए ऐसी गतिविधियों से बचें, जो दूसरों के लिए भ्रम या परेशानी का कारण बनें।