सोलर लाइट का काम दिलाने के नाम पर रायपुर के वरिष्ठ वकील से 1.33 करोड़ की ठगी, फर्जी टेंडर दिखाकर दिया झांसा

रायपुर। राजधानी के चौबे कॉलोनी निवासी एक वरिष्ठ वकील के साथ सौर ऊर्जा उपकरण लगाने का काम दिलाने के नाम पर 1 करोड़ 33 लाख 64 हजार रुपये की बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने फर्जी वर्क ऑर्डर और अधिकारियों से मुलाकात का नाटक रचकर इस पूरी साजिश को अंजाम दिया। पीड़ित की शिकायत पर सिरगिट्टी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित विनीत तिवारी पिछले 32 वर्षों से वकालत कर रहे हैं। उनके एक परिचित ने उनकी मुलाकात भावेश जैन, गोपाल वैष्णव और संतोष कर्ण नामक व्यक्तियों से कराई थी। इन आरोपियों ने वकील को बालोद जिले के डौंडीलोहारा क्षेत्र में 1000 सोलर पोल लगाने का बड़ा सरकारी काम दिलाने का प्रलोभन दिया। आरोपियों ने पीड़ित का भरोसा जीतने के लिए उन्हें जनपद पंचायत कार्यालय ले जाकर एक कथित अधिकारी से भी मिलवाया, जिससे उन्हें काम के असली होने का विश्वास हो गया।

ठगों ने वर्क ऑर्डर देने और अन्य औपचारिकताओं के नाम पर अलग-अलग किश्तों में कुल 1.33 करोड़ रुपये से अधिक की रकम वसूल ली। ठगी का खुलासा तब हुआ जब वकील ने डौंडीलोहारा क्षेत्र में काम शुरू करने की तैयारी की और वहां के वास्तविक अधिकारियों से संपर्क किया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विभाग द्वारा ऐसा कोई टेंडर जारी नहीं किया गया है। फर्जीवाड़े का अहसास होने पर पीड़ित ने पुलिस की शरण ली।

सिरगिट्टी पुलिस ने मामले में संतोष कर्ण, गोपाल वैष्णव और अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस अब उन कड़ियों को जोड़ रही है जिनके जरिए आरोपियों ने सरकारी दफ्तर के भीतर इस साजिश को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस की टीमें फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हैं।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *