रानीझाप गांव में विधवा महिला को साड़ी उतारकर गांव घुमाया, गोबर पोता और पीटा; प्रेम प्रसंग की सजा के नाम पर अत्याचार


गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के रानीझाप गांव में एक विधवा महिला के साथ अमानवीय व्यवहार की घटना सामने आई है। महिला को प्रेम प्रसंग की सजा देने के नाम पर उसके कथित प्रेमी के परिवार ने साड़ी उतारकर पूरे गांव में घुमाया, जूते-चप्पल से पीटा और मुंह पर गोबर पोता। इस दौरान बनाया गया वीडियो भी सामने आया है। मामला पेंड्रा के खोडरी चौकी क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार पीड़िता महिला (35 वर्ष) का पति एक साल पहले मृत्यु हो गई थी। उसके बाद गांव के ही 35 वर्षीय शादीशुदा व्यक्ति हरि प्रसाद राठौर से उसका प्रेम संबंध चल रहा था। दोनों 29 अक्टूबर 2025 को घर से भाग गए और मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के ग्राम मालाचुवा में रहने लगे।

23 जनवरी को दोनों गांव लौटे तो विवाद शुरू हो गया। खोडरी चौकी में महिला ने हरि प्रसाद के साथ रहने की इच्छा जताई। इसके बाद सभी रानीझाप लौट आए। रात को हरि प्रसाद और महिला को गांव के भुल्लन गोंड़ ने शरण दी।

24 जनवरी सुबह करीब 10 बजे हरि प्रसाद की पत्नी सरोज राठौर, भाई मनोज राठौर, बहन यशोदा राठौर सहित अन्य लोग इकट्ठा हुए। उन्होंने महिला को पीटना शुरू किया, साड़ी उतारकर अर्धनग्न किया और पूरे गांव में घुमाया। आरोपी महिला पर गोबर पोतते नजर आए और कहते सुने गए कि घर उजाड़ने की सजा क्या होती है। पीड़िता को गांव के मुख्य मार्ग पर स्थित काली मंदिर तक ले जाया गया।

मंदिर के पास ग्रामीण अमर सिंह धुर्वे और दशरथ विश्वकर्मा तथा महिला के परिजनों ने उसे बचाया। उन्होंने महिला को कपड़े पहनाए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को अपने साथ ले गई।

गौरेला थाना प्रभारी सौरभ सिंह ने बताया कि हरि प्रसाद राठौर की पत्नी, बहन और भाई के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों को जमानत पर छोड़ दिया गया। हरि प्रसाद की दो छोटी बेटियां होने के कारण परिवार का आक्रोश विधवा महिला पर भड़का। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *