रायपुर। राजधानी के हीरापुर स्थित हर्षित विहार निवासी हरकेश सिंह यादव के साथ ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। एम्स रायपुर में नर्सिंग ऑफिसर के पद पर पदस्थ हरकेश को बिजली विभाग का कर्मचारी बनकर एक अज्ञात कॉलर ने झांसे में लिया और उनके खाते से 1.64 लाख रुपये निकाल लिए। आमानाका थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हरकेश सिंह यादव सरोना में अपना नया मकान बनवा रहे हैं। इसके लिए उन्होंने चंगोराभाठा बिजली कार्यालय में नए कनेक्शन हेतु आवेदन दिया था। 25 मार्च को उनके घर पर मीटर लगाया गया। इसके अगले ही दिन 26 मार्च को उन्हें एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप कॉल आया। कॉलर ने खुद को बिजली विभाग का कर्मी बताते हुए कहा कि नए मीटर का वेरिफिकेशन बाकी है। जालसाज ने हरकेश को एक एपीके फाइल भेजी और उसे मोबाइल में इंस्टॉल कर जानकारी भरने को कहा।
हैरानी की बात यह है कि ठग ने हरकेश को उनके मीटर का असली बीपी नंबर भी बताया, जिससे उन्हें कॉलर पर भरोसा हो गया। वेरिफिकेशन के नाम पर जालसाज ने मात्र 13 रुपये की फीस जमा करने को कहा। जैसे ही हरकेश ने अपने क्रेडिट कार्ड की जानकारी भरकर सबमिट की, उनके खाते से पैसे कटने के मैसेज आने लगे। पुलिस के अनुसार, ठगों ने ट्रांजेक्शन ब्लिंकिट और एप्पल कंपनी के खातों में किया है। फिलहाल पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।