रायपुर में बेखौफ बदमाश: कबीर नगर में बीच सड़क पर अवैध चाकू से काटा केक, पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

रायपुर। राजधानी के कबीर नगर थाना क्षेत्र स्थित वाल्मीकि अटल आवास इलाके का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में कुछ युवक बीच सड़क पर अवैध धारदार चाकू से जन्मदिन का केक काटते नजर आ रहे हैं। इस घटना ने शहर में अवैध हथियारों की आसान उपलब्धता और पुलिस के खौफ की कमी को उजागर कर दिया है।

बता दें कि यह पूरा घटनाक्रम वाल्मीकि नगर की एक सड़क का बताया जा रहा है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि बर्थडे बॉय के हाथ में एक बड़ा और खतरनाक चाकू है। हैरानी की बात यह है कि युवक न केवल सरेआम इस हरकत को अंजाम दे रहे हैं, बल्कि इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी साझा कर रहे हैं। इससे साफ जाहिर होता है कि इन असामाजिक तत्वों के मन में पुलिस प्रशासन का कोई डर नहीं रह गया है।

गौरतलब है कि रायपुर पुलिस लगातार अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान चलाने का दावा करती है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। मैदानी सूत्रों ने बताया कि वेस्ट जोन में पिछले कुछ समय से आपराधिक गतिविधियों में बढ़ोत्तरी देखी जा रही है। अभी एक दिन पहले ही 27 मार्च को टिकरापारा थाना क्षेत्र की सिमरन सिटी फेज 2 में एक युवक की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई थी। हालांकि पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया है, लेकिन कबीर नगर की इस ताजा घटना ने डीसीपी वेस्ट संदीप पटेल की सुरक्षा प्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

दरअसल, स्थानीय लोगों में इस तरह की वारदातों से भारी असुरक्षा का माहौल है। लोगों का कहना है कि शहर में अवैध हथियार इतनी आसानी से कैसे मिल रहे हैं, यह जांच का बड़ा विषय है। क्या शहर में कोई संगठित गिरोह सक्रिय है जो युवाओं तक ये हथियार पहुंचा रहा है? फिलहाल इस वीडियो के वायरल होने के बाद अब सबकी नजरें पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं कि इन युवकों पर कब और क्या एक्शन लिया जाता है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *